बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के बंगाणा बाजार में करीब एक सप्ताह से पानी नहीं आ रहा है। दुकानदार प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाकर गुजारा कर रहे हैं। पेयजल की किल्लत का असर कारोबार पर पड़ रहा है। बंगाणा बाजार में करीब 300 दुकानदार हैं। इसके अलावा हजारों की संख्या में लोग अपने निजी कार्यों के लिए बंगाणा आते हैं। उपमंडल बंगाणा में पेयजल समस्या को देखते हुए 30 करोड़ की पेयजल योजनाएं स्वीकृत की हैं, लेकिन जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों की कोताही से समस्याओं का अंबार लग गया है। दुकानदार भी पेयजल की विकराल समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि अभी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और पेजयल की ज्यादा खपत भी नहीं है। दुकानदारों का आरोप है कि एक सप्ताह में एक दिन भी पेयजल न आने से मजबूरन दुकानदारों को प्राकृतिक स्रोतों से पानी की आपूर्ति को मजबूर होना पड़ता है। वहीं, दुकानदारों में तिलक राज, बालकिशन, गुरदास राम, बाली राम, राकेश, अंकुश, संसार चंद, तिलक राज वोहरा, अश्वनी, लकी ठाकुर का आरोप है कि बाजार में 10-10 दुकानों पर एक सरकारी नल गया है। इनमें एक सप्ताह से पेयजल की एक भी बूंद नहीं टपकी है। वहीं, जल शक्ति विभाग के जेई राज कुमार ने कहा कि जल्द समस्या का निदान करवा दिया जाएगा।