फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: नाला बंद होने से सड़क और स्कूल में घुसा पानी, विद्यार्थी लौटे घर

Tue, 07 Jul 2026 12:32 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
ऊना गगरेट सड़क मार्ग पर जमा पानी को पार कर घर जाती छात्राएं व गुजरते वाहन। संवाद
विज्ञापन
ऊना।
विज्ञापन

सोमवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने हरोली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पंजावर निचला में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। बरसाती नाले की निकासी बाधित होने से पानी ऊना-गगरेट मुख्य सड़क पर बहने लगा और देखते ही देखते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ढक्की पंजावर परिसर में घुस गया। जलभराव के कारण कई विद्यार्थी स्कूल के रास्ते से ही वापस घर लौट गए जबकि सड़क पर पानी का तेज बहाव होने से वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई वाहन पानी में फंस गए और हादसों का शिकार हुए।
बरसाती पानी का बहाव दिनभर ऊना-गगरेट सड़क पर जारी रहा। सड़क पर जमा पानी के कारण यातायात प्रभावित रहा। वहीं, पानी दुकानों के सामने तक पहुंचने से स्थानीय बाजार का कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो गया। कई दुकानदारों को मजबूरन अपने प्रतिष्ठानों के शटर बंद कर घर लौटना पड़ा।
विज्ञापन

स्थानीय दुकानदार गुरमेल सिंह, अश्वनी कुमार, लक्की, मनीष कुमार, पूजा देवी, शामू और जरनैल ने बताया कि पास ही एक व्यक्ति ने अपने खेत में अतिरिक्त मिट्टी डलवाई है। इस दौरान बरसाती नाले का रास्ता भी मिट्टी से बंद हो गया, जिससे गांव के बरसाती पानी की निकासी पूरी तरह रुक गई। नतीजतन पूरा पानी सड़क पर आ गया और वहीं से बहते हुए स्कूल परिसर में घुस गया। दुकानदारों ने बताया कि यदि नाले की निकासी पहले से सुचारु होती तो इतनी बड़ी समस्या उत्पन्न नहीं होती।
स्कूल में पानी भरने से शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। स्कूल परिसर में पानी भर जाने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को भीतर जाने में कठिनाई हुई। कई अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजने के बजाय वापस घर ले जाना ही उचित समझा।
जिला प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक सोमलाल धीमान ने बताया कि ढक्की पंजावर स्कूल परिसर में बरसाती पानी घुसने का मामला विभाग के संज्ञान में आया है। मंगलवार को विभागीय टीम स्कूल का दौरा करेगी और स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा की जाएगी।
विज्ञापन

एसडीएम हरोली विशाल शर्मा ने कहा कि पंजावर निचला में जलभराव की समस्या की जानकारी उन्हें मिल गई है। प्रशासन जल्द मौके का निरीक्षण करेगा और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें