संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के तहत गांव खडोल में भारी बारिश के कारण खड्ड का पानी लोगों की दुकानों और रिहायशी मकानों में घुस गया। खास बात यह है कि पानी दुकानों तक प्राकृतिक रूप से नहीं, बल्कि विभाग द्वारा बनाई गई स्लैब के कारण दुकानों और मकानों तक पहुंच गया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि लगभग दो साल पहले सड़क पर स्लैब का निर्माण किया गया था, ताकि खड्ड का पानी स्लैब के नीचे से गुजर सके। यह स्लैब बरसाती पानी के मुकाबले छोटा साबित हुआ। इसके बाद पानी उल्टा स्लैब के ऊपर से गुजरता हुआ दुकानों और रिहायशी मकानों में घुस गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार स्लैब में डाले पाइप आकार में बहुत छोटे हैं। इस कारण पाइपों में लकड़ी, घास और मिट्टी पत्थर फंस जाने से भारी बारिश में पानी स्लैब से ऊपर से गुजरता है।
स्थानीय निवासी और दुकानदार वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पिछले कल हुई भारी बरसात के कारण सारा पानी उनकी दुकान में घुस गया। इससे उनका काफी नुकसान हुआ है। कहा कि पिछले वर्ष भी इसी तरह से पानी स्लैब के ऊपर से ही गया था, लेकिन विभाग ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। जब पानी दुकानों तक पहुंचा तो विभाग ने अगले दिन सुबह जेसीबी मशीन से पाइपों की सफाई करवाई। बता दें कि बंगाणा से खडोल सड़क का सुदृढ़ीकरण लगभग दो वर्ष पूर्व करोड़ों रुपये की लागत से किया गया है, लेकिन फिर भी स्थानीय लोगों की पुल की समस्या का कोई उचित हल नहीं हो पाया है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता महेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर मशीनरी भेजी है और मलबा हटा दिया है। इस स्थान पर किसी की निजी भूमि होने के कारण दो साल पहले पुल नहीं डाला जा सका।