डंगोली में नालों की सफाई में स्वयं जुटे स्थानीय बाशिंदे। स्रोत जागरूक पाठक
ऊना। नजदीकी गांव डंगोली में ऊना-हमीरपुर मुख्य मार्ग पर बरसात शुरू होते ही लोगों के घरों में जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न होने लगी हैं। लोगों ने इस समस्या के लिए स्थानीय ग्राम पंचायत को जिम्मेदार ठहराया है। यही वजह है कि अब सड़क किनारे बने नालों की सफाई न होने पर गंदा पानी घरों का रुख कर रहा है।
वहीं, प्रभावित परिवारों के बार-बार अवगत कराने पर कोई समाधान स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि न कर पाए हैं। इस बार भी नालों की सफाई समय रहते जनप्रतिनिधि न करा पाए। शनिवार को हुई बारिश के बीच आलम ऐसे बना कि नालों में अवरुद्ध हुआ पानी लोगों के घरों में जा घुसा। प्रशासन सहित ग्राम पंचायत की अनदेखी पर शनिवार को ये प्रभावित परिवार खुद मैदान में उतरे। उन्होंने इन नालों की सफाई का मोर्चा संभाल लिया। बरसात के दिनों में पानी का जमा होना कई बीमारियों को भी जन्म देता है, लेकिन इस जगह पर पानी के साथ बड़े स्तर पर गंदगी नालों में जमी होने के चलते ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह ठप हो गया है।
ग्रामीणों में ज्योति कुमार शर्मा, जनक राज शर्मा, काका राम, रामपाल, भोला और ऋषि शर्मा ने बताया कि उन्होंने पंचायत से भी कई बार नालों की सफाई करने की गुहार लगाई, जबकि लोक निर्माण विभाग को भी समस्या बताने के बारे में कहा गया। लेकिन ग्राम पंचायत के पास दी गई अर्जी का कोई भी असर जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दिया, जिसका नतीजा यह रहा की बरसात के इस सीजन की पहली ही बारिश के कारण उनके घरों में जलभराव के चलते भारी नुकसान उन्हें उठाना पड़ा।
पंचायत को समस्या नहीं बताई : प्रधान
उधर, ग्राम पंचायत डंगोली की प्रधान कंचन रानी ने बताया कि ऐसी कोई भी समस्या न तो मौखिक रूप से बताई गई है न ही कोई प्रार्थना पत्र इस संबंध में दिया गया है। फिर भी पंचायत समस्या के समाधान को लेकर उचित कदम उठाएगी।