‘उज्ज्वल ऊना’’ मुहिम के शुभारंभ को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते उपायुक्त जतिन लाल।स्रोत वि
ऊना। जिले को प्लास्टिक कचरामुक्त बनाने के उद्देश्य से ‘उज्ज्वल ऊना’ मुहिम की बुधवार को शुरुआत हो गई। डीआरडीए सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने इस पहल को औपचारिक रूप से शुरू किया।
इस मुहिम के अंतर्गत प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन के लिए चार स्तरीय निस्तारण प्रक्रिया अपनाई जाएगी। प्रत्येक पंचायत में घरों से कचरा एकत्रित कर उसे ग्राम पंचायत स्तर पर बने सेग्रीगेशन यूनिट में लाया जाएगा और उसका उचित निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद कई पंचायतों के कचरे को क्लस्टर स्तर पर बने माइक्रो सेग्रीगेशन यूनिट में भेजा जाएगा। फिर इसे खंड स्तरीय यूनिट में स्थानांतरित किया जाएगा। जहां से इसे औद्योगिक इकाइयों के उपयोग के लिए भेजा जाएगा। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर, डीआरडीए की परियोजना अधिकारी शैफाली शर्मा, सभी विकास खंड अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
14 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान
उपायुक्त ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जिले में की जाने वाली गतिविधियों का ब्यौरा भी लिया। उन्होंने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान-2024 के अंतर्गत ऊना जिले में 14 सितंबर से दो अक्तूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में स्वच्छता, जन सहभागिता और जन जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि अभियान में सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता और जन भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए एडीसी ऊना को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अभियान में होंगी ये गतिविधियां
अभियान के तहत जल स्रोतों की सफाई और प्लास्टिक कचरा संग्रहण अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें नदियों, नालों, खड्डों और पारंपरिक जल स्रोतों की सफाई के साथ कचरा प्रभावित स्थानों की पहचान और सफाई के बाद सौंदर्यीकरण किया जाएगा। स्वच्छता और जागरूकता गतिविधियों के तहत स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सरकारी संस्थानों में सफाई अभियान चलाए जाएंगे। वृक्षारोपण और सौंदर्यीकरण की गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। छात्रों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सरकारी कर्मचारियों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के समापन पर सभी हितधारकों को सम्मानित किया जाएगा।
‘उज्ज्वल ऊना’’ मुहिम के शुभारंभ को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते उपायुक्त जतिन लाल।स्रोत वि