व्यापारी गदगद, शाम तक बाजार में हो रही जमकर खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
थाना कलां (ऊना)। जैसे-जैसे मौसम में ठंडक बढ़ रही है, वैसे-वैसे बंगाणा बाजार में गर्म कपड़ों की दुकानों पर रौनक लौट आई है। सुबह-शाम की सर्द हवाओं ने लोगों को सर्दी की तैयारियों में जुटा दिया है। बाजार में स्वेटर, जैकेट, मफलर, टोपी, दस्ताने और बच्चों के गर्म परिधानों की बिक्री में तेजी देखने को मिल रही है।
दुकानदारों का कहना है कि इस बार सर्दी ने पिछले साल की तुलना में कुछ पहले दस्तक दी है। स्थानीय व्यापारी भूषण शर्मा ने बताया कि ठंड शुरू होते ही ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है और लोग पहले से ही खरीदारी में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के ऊनी कपड़ों की मांग सबसे अधिक है।
कपड़ा व्यापारी साहिल ने बताया कि ऊनी वस्त्रों के दामों में हल्की बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन बाजार में डिजाइन और गुणवत्ता की विविधता से ग्राहक संतुष्ट हैं। उनके अनुसार युवाओं में ट्रेंडी जैकेट और हुड की मांग तेजी से बढ़ रही है।
लंबे समय से बंगाणा बाजार में कपड़ों का व्यवसाय कर रहे गुरदेव सिंह ने बताया कि सुबह और शाम के समय ग्राहकों की भीड़ बढ़ जाती है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं, जिससे बाजार में फिर से चहल-पहल बढ़ गई है।
दुकानदार संजय कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में बिक्री में लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि महिलाएं विशेष रूप से शॉल, स्टॉल और ऊनी दुपट्टों की खरीदारी में रुचि दिखा रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार ठंड जल्दी आने से सर्दियों का पूरा माहौल बन गया है। लोग गर्म कपड़ों के साथ-साथ गर्म पेय पदार्थों और खाने-पीने की चीजों की ओर भी आकर्षित हो रहे हैं। इन दिनों बंगाणा बाजार में हर ओर रौनक और उत्साह का माहौल है और दुकानदारों के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई है।