संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के अंतर्गत 10 स्वयंसेवियों को महाविद्यालय प्राचार्य डाॅ. मीता शर्मा की ओर से बुधवार को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले स्वयंसेवियों ने हिमाचल प्रदेश सरकार के अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण और संबद्ध खेल संस्थान मनाली के क्षेत्रीय जल क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र पौंग डैम में दस दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के साहसिक शिविर में भाग लिया था।
इस शिविर में ऊना ज़िले से 10 स्वयंसेवियों का चयन किया गया था। इसमें राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना से 4, भटोली महाविद्यालय से 2, हरोली महाविद्यालय से 2, खड्ड महाविद्यालय से 2 स्वयंसेवी चयनित हुए थे। इस शिविर में दल के प्रभारी के रूप में राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी सहायक प्रोफेसर मनजीत सिंह मान रहे। इस दस दिवसीय शिविर में हिमाचल प्रदेश के अलावा चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के 50 स्वयंसेवियों ने शिरकत की थी।