पहले मैच में भलौण की टीम ने मारी बाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
जोल (ऊना)। महालक्ष्मी उद्योग अंबेहड़ा और नेहरू युवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। समाजसेवी योगराज जोगी ने अपनी माता विमला देवी के कर कमलों से पूजा-अर्चना कर महावीर खेल मैदान में मुकाबले शुरू किए। इस दौरान मुख्य अतिथि कर्नल तरसेम चंद राणा और विशेष अतिथि सूबेदार मेजर दुनी चंद रहे। प्रतियोगिता में नेहरू युवा केंद्र अंबेहडा, भलौण और रायपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से 16 टीमों ने हिस्सा लिया। पहला मैच भलौण और रायपुर के बीच खेला गया। इसमें भलौण की टीम विजेता रही। यह प्रतियोगिता नॉकआउट आधार पर खेली जा रही है। मुख्य अतिथि कर्नल तरसेम चंद राणा ने खिलाड़ियों से परिचय लिया और उनके उत्साहवर्धन के लिए संबोधित किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत कार्यक्रम के तहत खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में कई प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। योगराज जोगी की पहल पर महावीर खेल मैदान बनाया गया है। कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र के प्रधान नवनीत सिंह, आचार्य रमेश शास्त्री, कैप्टन यशपाल, पूर्व उप प्रधान तिलक राज शर्मा, मेजर किशन देव, बूथ अध्यक्ष राधेश्याम, ठेकेदार रामपाल शर्मा, आशीष शर्मा, रुद्रांश शर्मा, रिशु, हरीश, राहुल, प्रभात शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।