नंदपुर पंचायत के रास्ते का निर्माण कार्य रूकने पर विरोध जताने के लिए एकत्रित हुए ग्रामीण। स्त्र
शिकायत के बाद रुका है काम, जांच पूरी होने तक निर्माण पर रोक
बड़ूही (ऊना)। ग्राम पंचायत नंदपुर के वार्ड एक में रास्ते के निर्माण को लेकर विवाद के बीच रविवार को ग्रामीण एकजुट हुए। उन्होंने पंचायत प्रधान रंजना देवी का समर्थन करते हुए कहा कि वर्षों से दलदल की समस्या झेल रहे लोगों को अब रास्ते की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। ऐसे में निर्माण कार्य हर हाल में पूरा होना चाहिए। जिला परिषद सदस्य सरवन सिंह बंटू ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
ग्रामीण देव राज, जीतू, पोली देवी, विजय कुमार, नीलम कुमारी, शांति देवी और लक्की ने बताया कि जमीन दलदली और निचले स्तर पर होने के कारण यहां से गुजरना मुश्किल है। रास्ते के लिए ग्रामीणों ने निजी जमीन भी दी है। निर्माण शुरू होने के बाद कुछ लोगों की आपत्तियों से काम रुक गया। दलदली जमीन को मजबूत करने के लिए बजरा निजी खर्च पर मंगवाया गया था। ग्रामीणों ने श्रमदान और आर्थिक सहयोग देने की बात कही।
पंचायत प्रधान रंजना देवी ने कहा कि दलदली जमीन पर रास्ते का आधार तैयार करने के लिए बजरा डाला जा रहा था। निर्माण स्थल की परिस्थितियों को समझे बिना इसे अनियमितता से जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कुछ लोगों पर काम में बाधा डालने का आरोप लगाया।
100 वर्षीय शीला देवी ने बयां किया दर्द
शीला देवी ने भावुक होकर कहा कि पूरी जिंदगी दलदल से होकर आते-जाते बीत गई। अब रास्ते का निर्माण शुरू हुआ है तो इसमें बाधा नहीं आनी चाहिए। जिला परिषद सदस्य सरवन सिंह बंटू ने कहा कि दलदली जमीन के कारण आवाजाही मुश्किल है। ग्रामीणों की आपत्तियों और समस्याओं का समाधान आपसी बातचीत से निकाला जाना चाहिए।