शहर में अवैध पार्किंग पर लगाम कसने के लिए प्रशासन व पुलिस सख्त कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है। आलम यह है कि एनएच किनारे नो पार्किंग के लिए चयनित किए गए स्थानों पर भी लोग वाहन खड़े करने से नहीं कतरा रहे हैं। नप की तरफ से शहर में मुख्य बाजार के समीप दो पार्किंग का भी निर्माण किया गया है। इसके बाद भी लोग एनएच किनारे ही वाहनों को पार्क कर रहे हैं।
शहर में अवैध पार्किंग से आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अवैध रूप से हो रही पार्किंग राहगीरों के लिए परेशानी बनी हुई है। अवैध पार्किंग के चलते आए दिन सड़क हादसे भी हो रहे हैं। बावजूद इसके आमजन व प्रशासन इस समस्या पर गंभीर नहीं है। शहर में रेड लाइट चौक से हमीरपुर मार्ग व अंब मार्ग पर खुलेआम अवैध पार्किंग हो रही है। इस कारण से फुटपाथ पर पैर रखने के लिए भी जगह नहीं बचती है। इससे राहगीरों का पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। पुलिस की तरफ से कई बार नो पार्किंग को लेकर चालान भी किए जाते हैं, लेकिन इस कार्रवाई का असर कुछ दिन ही रहता है।
शहर में अवैध पार्किंग को लेकर समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। इसे लेकर आगामी दिनों में कार्रवाई तेज की जाएगी। वाहन चालक नो पार्किंग जोन में वाहन पार्क करें। नियमों की अवहेलना करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मोहन लाल, कार्यवाहक ट्रैफिक पुलिस प्रभारी, ऊना