गगरेट दौलतपुर सड़क पर दियोली में पेड़ों की टहनियों से टकराते हैं वाहन
हो सकती है दुर्घटना की पुनरावृत्ति, विभाग मूकदर्शक
संवाद न्यूज एजेंसी
मुबारिकपुर (ऊना)। गगरेट दौलतपुर चौक मार्ग पर पेड़ों के साथ लगते बिजली के तार खतरा बने हुए हैं। दियोली में पेड़ों की टहनियों से वाहन टकराते हुए रोजाना गुजर रहे हैं। पेड़ों की टहनियों के साथ कई बार टकराने के कारण वाहनों को नुकसान पहुंचा हैंं। वहीं, किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बढ़ा रहे हैं। इन पेड़ों की टहनियों से वाहनों के टकराने से मकान को खतरा बना हुआ है। बीते दिनों घनारी में एक ट्रक पेड़ों की टहनियों से टकराया और बिजली के तारों से संपर्क से आग लगने की नौबत आ गई। स्थानीय निवासी राकेश, मनोज, पूर्ण ने कहा कि इस बारे में कई बार ग्राम पंचायत और विभाग से इस खतरे को टालने के लिए उचित कार्रवाई कराकर जन सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग की है लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। वन विभाग के भरवाईं रेंज अधिकारी पूर्ण चंद का कहना है कि अभी तक पीडब्ल्यूडी ने सड़क से जुड़ी समस्या को लेकर कोई पत्राचार नहीं किया है। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ गगरेट दिनेश जसवाल ने कहा कि सड़क के किनारों पर पेड़ वन विभाग के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। पंचायत प्रधान दियोली पूर्ण चंद ने कहा कि वार्ड तीन के लोगों ने मौखिक रूप से समस्या बताई थी लेकिन लिखित रूप से आते ही विभाग को लिखा जाएगा। इस बारे में बिजली बोर्ड के जेई दीपक कुमार का कहना है कि जानकारी मिली है। अगर ऐसा है तो जल्द ही पेड़ों की टहनियों को काट दिया जाएगा।