ऊना। जिला में आयुष हेल्थ एंड वेलनेस केंद्रों में विभिन्न टेस्ट की सुविधा दिलवाने के लिए विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसे लेकर जून माह में प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद वेलनेस केंद्र में ही एचबी (होमोग्लोबिन), मधुमेह, टाइफाइड और मलेरिया के टेस्ट करने का प्रावधान किया जाएगा। इसके लिए मरीजों को कितना शुल्क अदा करना होगा, यह प्रस्ताव मंजूरी मिलने के बाद तय किया जाएगा।
वर्तमान में वेलनेस केंद्रों में इस प्रकार के टेस्ट की सुविधा नहीं है। ऐसे में जरूरत पडऩे पर मरीज को निजी लैब में टेस्ट करवाने पड़ते हैं। लोगों की सुविधा के लिए केंद्रों को आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए आयुष विभाग की ओर से बजट मुहैया करवाया जाएगा। आयुष विभाग के 17 हेल्थ एंड वेलनेस केंद्रों में वर्तमान में मरीजों के विभिन्न टेस्ट नहीं हो पाते हैं। ऐसे में मरीजों को या तो निजी लैब या जिला आयुर्वेदिक अस्पताल का रूख करना पड़ता है। दूसरा अस्पताल और निजी लैब भी दूर होने के कारण मरीज के समय और धन दोनों का नुकसान हो रहा है। वेलनेस केंद्रों में टेस्ट की सुविधा मुहैया करवाने के लिए आयुष विभाग प्रबंधन जारी करेंगे, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। वेलनेस केंद्रों में आगामी दिनों में बजट मिलते ही विभिन्न टेस्ट करवाने की सुविधा मिलेगी। बता दें कि निजी लैब में टाइफाइड के टेस्ट के लिए 50 रुपये प्रति टेस्ट और मलेरिया के लिए 100 रुपये औसतन प्रति टेस्ट वसूल किए जा रहे हैं। विभाग की तरफ से इनसे कम दामों पर यह टेस्ट करवाने की सुविधा मिल जाएगी। इससे समय रहते मरीज का उपचार भी शुरू किया जाएगा।
इन स्थानों पर चल रहे हैं वेलनेस केेंद्र
जिला ऊना में मौजूदा समय में अरलू, रायपुर मैदान, रायपुर सहोड़ा, चताड़ा, खुरवाई, कोट, अपर पंडोगा, लोहारली, गोंदपुर बनेहड़ा, लोअर मुबारिकपुर, चरूड़ू, जबेहड़ सूरी, धमांदरी, गोंदपुर जयंचद, हीरां, जलग्रां और कुठेड़ा जसवालां में आयुष हेल्थ एंड वेलनेस केंद्र चल रहे हैं।
कोट्स
जिला के हेल्थ एंड वेलनेस केंद्रों में विभिन्न टेस्ट की सुविधा शुरू करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने पर सभी वेलनेस केंद्रों में टेस्ट करने के लिए संबंधित मशीनें स्थापित की जाएंगी।
डॉ. ज्योति कंवर, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, ऊना