ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को नहीं मिल रही उपचार की सुविधा
मरीजों को उपचार के लिए अन्य क्षेत्रों का करना पड़ रहा रुख
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना/दौलतपुर चौक। राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल जोह में चिकित्सक का पद खाली होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दौलतपुर चौक क्षेत्र में केवल एक ही आयुर्वेदिक अस्पताल है। इस अस्पताल में भी चिकित्सक न होने से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। आयुष विभाग की तरफ से इस समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया है लेकिन विभाग की तरफ से इस समस्या के हल व चिकित्सक की तैनाती को लेकर धरातल पर कुछ नहीं हो पाया है। आयुष विभाग की तरफ से दौलतपुर क्षेत्र के तहत जोह में लोगों की सुविधा के लिए 10 बेड का अस्पताल स्थापित किया गया है। आलम यह है कि इस अस्पताल में चिकित्सक न होने से मरीज को उपचार नहीं मिल पा रहा है। विभाग की तरफ से अस्पताल में दो एएनएम नर्स व एक फार्मेसी अधिकारी की तैनाती तो की गई है। लेकिन, मरीज की जांच के लिए कोई चिकित्सक अस्पताल में उपलब्ध नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं देने को लेकर आयुष विभाग व सरकारों की तरफ से नई-नई योजनाएं चलाई जाती हैं। इसी कड़ी में इन क्षेत्रों में अस्पतालों का निर्माण भी किया गया है। लेकिन, हालत यह है कि राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल जोह में चिकित्सक न होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अस्पताल में बीते दिनों कांगड़ा से एक चिकित्सक की तैनाती की गई थी। बाद में चिकित्सक को दोबारा किसी दूसरी जगह पर स्थानांतरित कर दिया गया। ऐसे में अब अस्पताल में आने वाले मरीज परेशान हो रहे हैं। इस अस्पताल के साथ लगते गांव सलोह बैरी, पिरथीपुर, मरवाड़ी, दौलतपुर चौक व सहित दर्जनों गांव लगते हैं।
कोट्स
जोह में चिकित्सक का पद खाली चल रहा है। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई है। विभाग की तरफ से ही चिकित्सक की तैनाती की जाती है।
डॉ. किरण शर्मा, जिला आयुष अधिकारी ऊना ।
बिलासपुर के लुहणू मैदान में आयोजित ट्राइल में गोला फेंकता प्रतिभागी । संवाद