हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव लुथरे डाकघर हीरां निवासी वंश पाठक पुत्र गोल्डी पाठक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ऊना में ही प्राप्त की और आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई स्थानीय स्तर पर पूरी की। साधारण परिवार और छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय सैन्य सेवा में चयनित होना उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की मिसाल बन गया है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में वंश अपने सपनों को साकार करने के उद्देश्य से ऑस्ट्रेलिया गए थे। वहां उन्होंने कठिन प्रतिस्पर्धा और चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण के बीच खुद को साबित किया और उनका चयन रॉयल ऑस्ट्रेलियाई एयरफोर्स (आरएएएफ) में एयरक्राफ्ट टेक्निशियन के पद पर हो गया।