बेहतरीन सुविधाओं के लिए नजदीकी डाकघर में करें संपर्क : भूपिंदर सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी डाक विभाग ऊना मंडल में राष्ट्रीय डाक सप्ताह के रूप में मनाया गया। राष्ट्रीय डाक सप्ताह को मनाने की शुरुआत 7 अक्टूबर को डाक तथा पार्सल दिवस से हुई।
इस दिन डाक के सही आदान-प्रदान तथा उत्कृष्ट डाक वितरण के लिए पोस्टमैन तथा ग्रामीण डाक सेवक स्टाफ को सम्मानित एवं प्रेरित किया गया। इसकी शुरुआत ऊना डाक मंडल प्रमुख भूपेंद्र सिंह ने एक पेड़ मां के नाम के अंतर्गत पौधारोपण से की। इसके साथ ही फिट पोस्ट, फिट इंडिया के तहत ऊना तथा अंब मंडलों में पोस्टाथोन वॉक रैली निकाली गई। इसी कड़ी में डाक विभाग ने तलमेहड़ा गांव में आधार अपडेट शिविर का आयोजन कर ग्रामीणों के 50 से अधिक आधार अपडेट किए।
डाक मंडल प्रमुख भूपेंद्र सिंह ने बताया कि डाक विभाग पारंपरिक बैंकिंग पद्धति से आगे बढ़ते हुए आज ऑनलाइन बैंकिंग सुविधा देने के साथ-साथ डाक निर्यात केंद्र, एमाजॉन एवं आधार तथा अन्य सेवाओं की बिक्री पर विशेष ध्यान दे रहा है। डाक सप्ताह के दौरान लोगों को जानकारी देते हुए डाक मंडल प्रमुख ने बताया कि विभाग बचत, बैंक आवर्ती जमा, समाधि जमा, मासिक आय योजना, पीपीएफ, महिला सम्मान बचत पत्र, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अनेक अन्य योजनाओं पर आकर्षक ब्याज दिया जा रहा है। इस प्रकार की अनेक अन्य योजनाएं आने से डाक विभाग निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए नजदीकी डाकघर में संपर्क कर सकते हैं।