ऊना/नंगल। नंगल विकास मोर्चा ने जनहित्त में एक और मुद्दे को जनता व सरकार के समक्ष उठाने की तैयारी की है। आम जनता का भी उन्हे भरपूर समर्थन मिलने लगा है।
नया मुद्दा नंगल के साथ लगती हिमाचल की सीमाओं पर लगे टोल टैक्स का है। इस बारे में जानकारी देते एडवोकेट निशांत गुप्ता ने कहा कि मैहतपुर व अजौली मोड़ में स्थित टोल बैरियर पर नंगल शहरवासियों से की जा रही रोज़ाना वसूली पूरी तरह नियमों के विपरीत और नंगल शहरवासियों के साथ हिमाचल सरकार का असंवैधानिक पक्षपात है। इसके खिलाफ संघर्ष शुरू करने के कुछ ही घंटों के बीच ही नंगल विकास मोर्चा को बार एसोसिएशन नंगल, मेन मार्केट यूथ क्लब नंगल, अड्डा मार्केट व्यापार मंडल नंगल, जवाहर मार्केट व्यापार मंडल नंगल, सेक्टर-2 मार्केट व्यापार मंडल नया नंगल, शास्त्री मार्केट (अजोली मोड़) व्यापार मंडल नया नंगल, शिवालिक यूथ क्लब नया नंगल, पार्षद दीपक नंदा इत्यादि ने भी अपना समर्थन दिया है।
नंगल विकास मोर्चा की कोर कमेटी ने इसके खिलाफ संबंधित अधिकारियों, माननीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री पंजाब और हिमाचलं, जिला ऊना व रूपनगर के उपायुक्तोंं, निदेशकों, नगर कौंसिलों व परिषदों के कार्यकारी अधिकारियों, हिमाचल प्रदेश सरकार के कर और उत्पाद शुल्क विभाग के प्रमुख सचिव को जल्द ही पत्र लिखकर नंगलवासियों को राहत दिलवाने की मांग करते हुए कहा कि नगर कौंसिल के पांच किलोमीटर के दायरे में यह टोल लग ही नहीं सकते, इसलिए इनसे राहत दिलाई जाए।