बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र के हटली में खुले शराब के ठेके के विरोध में क्षेत्र की महिलाओं ने पांचवें दिन भी विरोध प्रदर्शन किया। महिलाएं शराब के ठेके को बंद करने की मांग पर अड़ी हुई है। आंदोलन में शामिल पार्वती देवी, सुमना देवी, सलोचना देवी, रीना देवी, प्रकाश चंद और सतपाल सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि अगर सुनवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेंगी।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच दिनों से महिलाएं आंदोलन कर रही हैं लेकिन कोई प्रशासन या फिर पुलिस अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। गांव के उपप्रधान सुरेंद्र हटली ने कहा कि हमारा उद्देश्य पंचायत में शांतिपूर्वक माहौल रखना है लेकिन अगर पुलिस प्रशासन का यही रवैया रहा तो किस प्रकार समाज में शांति बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि अभी उक्त जगह पर शराब का ठेका खुला है। धीरे-धीरे यह लोग अहाता खोलेंगे। लोग उक्त ठेके के साथ शराब पीकर हुड़दंग करेंगे। उन्होंने कहा कि हम शराब के ठेके खोलने के विरोध में नहीं है लेकिन जिस हटली में जहां शराब का ठेका खोला गया है, यह जगह उचित नहीं है। एसडीएम बंगाणा मनोज कुमार का कहना है कि पिछले दिनों ग्रामीणों ने ठेके को लेकर शिकायत पत्र दिया। इसको लेकर प्रशासन की ओर से रिपोर्ट उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दी गई। जल्द ही मौके का निरीक्षण भी किया जाएगा। संवाद