चिंतपूर्णी/भरवाईं (ऊना)। मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी तो जेब कतरे भी सक्रिय हो गए। प्रशासन ने दो जेब कतरों को पकड़ा है। उनसे मोबाइल ओर नकदी बरामद की गई है। प्रशासन ने दोनों जेबकतरों को पुलिस के हवाले कर दिया है। जानकारी के अनुसार मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ उमड़ी। इससे कुछ ही समय में श्रद्धालुओं की शिकायतें आना शुरू हो गईं कि उनका पर्स गुम हो गया है। जेब से मोबाइल निकालने जैसी घटनाएं भी सामने आईं।
मंदिर के अलावा लिफ्ट से बाहर उमड़े हुजूम में भी कई श्रद्धालुओं की जेबें कटीं। सीसीटीवी कैमरा ऑपरेटर गौरव ने जब कैमरे में देखा तो होमगार्ड के प्लाटून कमांडर पूर्ण चंद, हवलदार दिलबाग सिंह ने मोर्चा संभाला। उन्होंने दो जेबकतरों को पकड़ लिया। उनके पास से दो मोबाइल, 9,000 रुपये नकदी बरामद की गई। यह सामान पुलिस थाना चिंतपूर्णी के सुपुर्द कर दिया गया है। इसके अलावा पंजाब के होशियारपुर जिले से दर्शन के लिए एक कर्मचारी का पर्स औ 2,300 रुपये बरामद हुए। इन्हें भी मौके पर सामान लौटा दिया गया।
होशियारपुर से आए एक श्रद्धालु सेवा सिंह ने बताया कि वह लिफ्ट के पास खड़े थे कि अचानक उनका पर्स चोरी हो गया, लेकिन मौके पर ही होमगार्ड जवान ने जेबकतरें को दबोच लिया और उनका पर्स औ रुपये सुरक्षित उन्हें मिल गए। पीसी होमगार्ड पूर्ण चंद ने बताया कि दो जेब कतरों को रंगे हाथों पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि मंदिर आने वाले श्रद्धालु सतर्क रहें। सीसीटीवी की जांच में पता चला है कि छह जेबें कटने के मामले सामने आए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि दो युवक तीन से चार घंटे तक घूम रहे थे। इनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। इसके बाद उन्हें पकड़ा गया।