चिंतपूर्णी (ऊना)। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में रविवार को लुधियाना के एक 82 वर्षीय श्रद्धालु की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। सूचना के अनुसार बुजुर्ग काफी देर तक मंदिर के वापसी गेट के साथ बने बंद बंद गेट के पास खड़े थे। इस दौरान श्रद्धालु दर्शन करने के लिए होमगार्ड के जवानों से गुहार लगाते रहे। इससे यहां श्रद्धालुओं का जमघट लग गया। काफी देर तक जब गेट नहीं खोला गया तो बुजुर्ग यहां पर काफी देर खड़े रहे। इसके बाद अचानक से बुजुर्ग श्रद्धालु नीचे गिर गया।
होमगार्ड के जवानों ने तुरंत बुजुर्ग को उठाकर अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गौरतलब है कि मंदिर की लिफ्ट बंद होने के कारण बुजुर्गों को और दिव्यांगों को सीढि़यां चढ़कर मंदिर के नजदीक पहुंचना पड़ रहा है। इसकी सूचना मिलते ही मंदिर प्रशासन ने तुरंत लिफ्ट को दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए खोल दिया। इसके बाद अब माई दास सदन में बाकायदा मंदिर प्रशासन ने पंजीकरण करके बुजुर्गों और दिव्यांगों को दर्शन पर्ची और पास बनाकर भेजने का क्रम शुरू किया है। मंदिर अधिकारी बलवंत पटियाल ने इसकी पुष्टि की है।