ऊना। यातायता नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे वाहनों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) ने जिले के अलग-अलग भागों में नाकाबंदी करते हुए कार्रवाई की। उन्होंने बिना दस्तावेज दौड़ रहे दो मालवाहक वाहनों को जब्त किया। इसके अलावा कुल सात चालान किए। इनमें से तीन ने जुर्माना और टैक्स का भुगतान कर दिया है।
इनसे 45,000 रुपये जुर्माना वसूला गया है। आरटीओ राजेश कौशल ने पंडोगा में हिमाचल-पंजाब सीमा में हिमाचल प्रवेश से पहले ही एक बस को बिना टैक्स पकड़ा। जांच पड़ताल के बाद उन्होंने बस से टैक्स वसूला और आगे के लिए रवाना किया। इसके अलावा बिना पासिंग, इंश्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस और टैक्स के ही दो मालवाहक वाहन सड़कों में दौड़ रहे थे, इन्हें भी आरटीओ ने पकड़ा। जांच में यह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। इस पर इन्हें जब्त कर लिया गया।
इसके अलावा अन्य मामलों में दस्तावेज पूरे न होने पर कार्रवाई की गई। आरटीओ राजेश कौशल ने बताया कि जिलेभर में लगातार नाकाबंदी करते हुए नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा रोड सेफ्टी को लेकर जागरुकता कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया है।