मशीनें स्थापित करने के लिए प्रक्रिया पूरी, लोगों को मिलेगा बड़ी सुविधा
मरीज को नहीं करना पड़ेगा जिला मुख्यालय का रुख
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। बंगाणा उपमंडल की जनता के लिए दिसंबर माह खुशखबरी लेकर आने वाला है। नागरिक अस्पताल बंगाणा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाकलां में जल्द ही अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित की जाएंगी। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। वर्तमान में गर्भवती महिलाओं को जांच करवाने के लिए निजी लैब या जिला मुख्यालय ऊना का रुख करना पड़ता है। क्षेत्र की करीब 35 पंचायतों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। उपमंडल बंगाणा के दूरदराज क्षेत्रों के लोग भी बंगाणा और थानाकलां अस्पतालों पर निर्भर हैं। ऐसे में इन दोनों अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के प्रयास जारी हैं। अब तक अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा न होने से विशेषकर गर्भवती महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। निजी लैब में एक अल्ट्रासाउंड जांच के लिए 1000 से 1500 रुपये तक वसूले जाते हैं, जबकि सरकारी अस्पतालों में यह सेवा गर्भवती महिलाओं के लिए निशुल्क उपलब्ध होती है। पहले महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए 32 किलोमीटर दूर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। अब यह समस्या जल्द खत्म होने जा रही है, क्योंकि बंगाणा और थानाकलां अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड मशीनें दिसंबर माह से काम करना शुरू कर देंगी।
कोट
बंगाणा और थानाकलां के अस्पतालों के लिए अल्ट्रासाउंड मशीनों की खरीद प्रक्रिया चल रही है। दिसंबर माह से इस सुविधा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। -डॉ. नरेश शर्मा, स्वास्थ्य खंड अधिकारी, थानाकलां