संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब की पंचायत बेहड़ जसवां के गांव चक निवासी उज्ज्वल शर्मा पुत्र पवन शर्मा ने अपनी गायन प्रतिभा के दम पर दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय रियलिटी शो एसजीटी हुनर का रंग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उज्ज्वल ने 20 जुलाई 2025 को दिल्ली में आयोजित मेगा टीवी राउंड में शानदार प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की। उनका संगीत के प्रति लगाव बचपन से ही रहा है। उन्होंने अपनी संगीत यात्रा की शुरुआत सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेहड़ जसवां से की थी। आगे चलकर उन्होंने कॉलेज व विश्वविद्यालय स्तर के मंचों पर भी अपनी गायन प्रतिभा का परिचय दिया। उज्ज्वल ने माता चिंतपूर्णी महोत्सव और हरोली महोत्सव जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों में भी अपनी गायकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि समूचा गांव गौरवान्वित है। उज्ज्वल ने अपने सफर की सफलता का श्रेय माता-पिता, मित्रों और गांववासियों को देते हुए उनके सहयोग को अहम बताया।