नंगल (ऊना)। नंगल पुलिस ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल के 20 इंजेक्शन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी कुलवीर सिंह संधू ने कहा कि नंगल पुलिस को गुप्तचरों से जानकारी मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो संतोषगढ़ की तरफ से आ रही है। इसमें नशे का सामान हो सकता है। गुप्तचर से मिली शिकायत के आधार पर एएसआई केशव कुमार की टीम ने सीआईएसएफ चौक के निकट तेज रफ्तार बोलेरो को रोका। इस दौरान जब तलाशी ली गई तो गाड़ी के डैशबोर्ड में छिपा कर रखे प्रतिबंधित और नशे के लिए प्रयोग किए जाने वाले ट्रामाडोल के 20 इंजेक्शन बरामद किए। मनजिंद्र सिंह निवासी मेहिंदपुर और राजीव कुमार निवासी लोअर मजारी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को एक-एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी किए। डीएसपी कुलवीर सिंह ने कहा कि प्राथमिक पूछताछ में गिरफ्तार दोनों युवकों ने यह इंजेक्शन गढ़शंकर से लाने की बात कबूल की है। मामले की जांच जारी है। संवाद