नंगल (ऊना)। नंगल पुलिस ने शनिवार रात एक कार में सवार दो युवकों को 18 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान यश उर्फ सोनू और सुमित निवासी नंगल के तौर पर हुई। नंगल चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर सरताज सिंह ने बताया कि युवक रामपुर साहनी से सेक्टर पांच नया नंगल की ओर जा रहे थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। इतने में कार चालक ने गाड़ी पीछे की ओर भगाने का प्रयास किया लेकिन उस मार्ग पर झाड़ियां होने के कारण गाड़ी भगा नहीं सके। पुलिस ने आरोपियों को काबू कर तलाशी के दौरान कार के डैश बोर्ड में छुपा कर रखा नशीला पाउडर बरामद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस रिमांड पर लेकर गिरफ्तार युवकों से गहनता से पूछताछ की जाएगी कि आखिर यह नशीला पाउडर कहां से लेकर आए और किसे सप्लाई किया जाना था। संवाद