प्रकरण में अभी तक पुलिस ने तीन आरोपी पकड़े, चौथे की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। क्रशर लॉबी को धमकाने और फिरौती मांगने के आरोप में गगरेट पुलिस की ओर से दर्ज किए गए केस में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में तीन आरोपी अब तक गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस को अब चौथे की तलाश जारी है। शनिवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपी अमरीश राणा व अमित मनकोटिया के घरों में भी दबिश दी गई। लेकिन, पुलिस को कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। उधर, आरोपी अमित मनकोटिया के मोबाइल फोन की जांच करने पर पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से विदेश में की गई कई कॉल का रिकॉर्ड मिला। हालांकि, अमित ने पूछताछ में माना कि उसके फोन का इस्तेमाल अमरीश राणा ही करता और ये कॉल उसने ही की। अब पुलिस इस मामले में जिले के फिरौती प्रकरण का कनेक्शन ढूंढने में जुट गई है। उधर, पुलिस ने इस मामले में नामजद कांगड़ा जिला के टंग नरवाना निवासी अमन राणा को भी गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। यहां से तीन दिन की पुलिस रिमांड हासिल करने में सफल रही है।