भरवाईं (ऊना)। धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में श्रावण अष्टमी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पुराना बस अड्डा स्थित बहुद्देश्यीय भवन में अव्यवस्था सामने आई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए इस भवन में बैठने, शौचालय और जूता घर की व्यवस्था की गई है, लेकिन बैठने के लिए निर्धारित स्थान पर ही दोपहिया वाहन खड़े किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के विश्राम स्थल पर दोपहिया वाहनों की पार्किंग होने के कारण यात्रियों को बैठने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि भवन में उपलब्ध सुविधाओं का सही इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाना चाहिए और बैठने की जगह को वाहनों की पार्किंग से मुक्त करवाया जाना चाहिए ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मंदिर क्षेत्र में व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। वहीं, ओल्ड बस स्टैंड भवन में श्रद्धालुओं के बैठने की जगह पर दोपहिया वाहन खड़े किए जाने के मामले में उन्होंने कहा कि जल्द ही वहां से दोपहिया वाहनों को हटाया जाएगा।