अन्य वाहनों की भी चेकिंग, कुल 18 चालान काटे और 1.02 लाख जुर्माना वसूलासंवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। आधे-अधूरे दस्तावेजों के साथ दौड़ रहीं दो वोल्वो बसें परिवहन विभाग ने ऊना मेंं जब्त कर ली। हालांकि, एक बस ऑपरेटर ने 50 हजार रुपये जुर्माना भरकर बस छुड़वा ली। जबकि दूसरी वोल्वो बस अभी विभाग के कब्जे में है। विभागीय टीम ने कुल 18 चालान करके 1.02 लाख रुपये जुर्माना वसूला।
24 घंटे अभियान चलाकर दिन रात कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश कौशल ने टीम के साथ नियमों को अनदेखा करने वालों पर शिकंजा कसा। मंगलवार शाम से अवैध रूप से दौड़ रहीं वोल्वो बसों पर शिकंजा कसने के लिए टीम सक्रिय रही। टीम ने बसाल में नाके के दौरान एक वोल्वो बस को जांच के लिए रोका। जांच पड़ताल में वोल्वो बस चालक टैक्स व अन्य आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। इस पर टीम ने बस को रोक लिया और कब्जे में लिया। चालक ने तुरंत मालिक को सूचना दी। बाद में 50 हजार जुर्माना लेकर बस को टीम ने छोड़ा। बस दिल्ली जा रही थी।
वहीं, टीम ने ऊना बस स्टैंड के पास भी एक वोल्वो बस को जांच के लिए रोका। जांच पड़ताल में चालक आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। टीम ने बस को जब्त कर लिया। बस तलवाड़ा जा रही थी। बस को जब्त करने के बाद इसमें सवार यात्री बस स्टैंड से दूसरी बस के जरिये गंतव्य तक भेजे गए। परिवहन विभाग की टीम ने 24 घंटे में वोल्वो बसों के अलावा ट्रकों और अन्य वाहनों की भी चेकिंग की और नियमों को अनदेखा करने पर 18 चालान किए। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वोल्वो माफिया के खिलाफ कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ किया है कि वोल्वो माफिया को सहन नहीं किया जाएगा। सही तरीके से संचालन को ही मान्य किया जाएगा। इसके बाद बसोंं की चेकिंग शुरू की है।
विभागीय टीम ने अभियान चलाकर कार्रवाई की है। यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। सभी वाहन चालक नियमों के अनुसार वैध दस्तावेज अपने साथ रखें।
-राजेश कौशल, क्षेत्रीय परिहवन अधिकारी ऊना