अंब/गगरेट(ऊना)। नैहरियां और कलोह में लकड़ी से लदीं दो गाडि़यां काबू की गई हैं। पहले मामले में वन परिक्षेत्र अंब की टीम ने नियमित निगरानी के आधार पर नैहरियां क्षेत्र में देर रात विशेष नाकाबंदी की। इसी दौरान करीब रात साढ़े तीन बजे एक पिकअप गाड़ी वहां से गुजरी।
टीम ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन को रुकवाया और जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी के लट्ठे लदे पाए।
गाड़ी पकड़े जाने के बाद वन कर्मियों ने तुरंत चालक से पूछताछ की और लकड़ी की ढुलाई व कटान से संबंधित परमिट व कागजात दिखाने को कहा। चालक मौके पर लकड़ी से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र पेश करने में असमर्थ रहा।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदी गाड़ी को जब्त कर अपने परिसर में पहुंचा दिया। पकड़ी गई प्रतिबंधित लकड़ी की कीमत बाजार में 50 हजार रुपये आंकी गई है।
रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर (आरओ) अशोक कुमार ने बताया कि नाकेबंदी के दौरान यह गाड़ी पकड़ी गई है। प्राथमिक पूछताछ और जांच में सामने आया है कि यह प्रतिबंधित लकड़ी गाड़ी में लादकर पंजाब के होशियारपुर की तरफ ले जाई जा रही थी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा जिन प्रजातियों की लकड़ी के कटान और परिवहन पर प्रतिबंध लगाया गया है, यह खेप उसी श्रेणी में आती है। रेंज ऑफिसर ने बताया कि वन संपदा की अवैध तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभाग द्वारा नियमों के तहत गाड़ी और लकड़ी पर भारी जुर्माना लगाया जा रहा है तथा इस अवैध माल को अनलोड करवाकर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वहीं दूसरे मामले में गरेट पुलिस ने कलोह बेली चौक में नाकाबंदी के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के लकड़ी ले जा रही एक पिकअप को पकड़ा है।
पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह पुलिस टीम कलोह बाईपास मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान शिववाड़ी की ओर से एक पिकअप वहां पहुंची। पिकअप को काले रंग के तिरपाल से ढका हुआ था। पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी जांच की तो उसमें लकड़ी के मोच्छे लदे हुए पाए गए।
पुलिस ने वाहन चालक से लकड़ी को ले जाने संबंधी परमिट और अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने लकड़ी से लदी
पिकअप को कब्जे में ले लिया। लकड़ी की प्रजाति, मोछों की संख्या और उनकी पैमाइश की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने मौके से वन विभाग के अधिकारी को भी सूचना दी। पुलिस द्वारा मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में आदित्य ठाकुर (31) निवासी धार खरोटी, तहसील रक्कड़, जिला कांगड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी को पुलिस ने नोटिस के माध्यम से जांच में शामिल होने के लिए पाबंद किया है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि की है।