नंगल खुर्द में अवैध खनन लेकर जा रहे ट्रैक्टर को रोक कर खड़े ग्रामीण। संवाद
खनन सामग्री लेकर जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से बाल-बाल बचा बाइक सवार
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। क्षेत्र के गांव नंगल खुर्द के लिंक रोड पर उस समय तनाव बढ़ गया। जब खनन सामग्री से लदे एक ट्रैक्टर ट्राली की बाइक से टक्कर होते-होते बच घई। बाइक अर्जुन कॉलोनी लिंक रोड पर महर्षि वाल्मीकि गुरु रविदास एकता महासभा के चेयरमैन नव बैंस चला रहे थे। नव बैंस ने अपनी मोटरसाइकिल कच्चे रास्ते में उतारकर जान बचाई। इस मौके पर तनाव बढ़ता देख टाहलीवाल पुलिस और माइनिंग गार्ड मोहन लाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच के लिए दोनों ट्रैक्टर ट्राॅली को टाहलीवाल थाने में ले जाया गया, जहां उनके पास खनन संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिले। दोनों ट्रैक्टर ट्राली मालिकों को 4700-4700 रुपये का जुर्माना किया गया।
ग्राम पंचायत के प्रधान प्रवीण कुमार ने बताया कि गांव के संपर्क मार्ग पर ट्रैक्टर ट्राली के गुजरने पर पहले से ही पाबंदी है और इसके लिए बोर्ड भी लगाए गए। फिर भी ट्रैक्टर वाले इसे अनदेखा कर ग्रामीणों से झगड़ा करते हैं। महासभा के चेयरमैन नव बैंस ने कहा कि अगर इस तरह की घटनाओं के कारण किसी की जान जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने कहा कि रोजाना स्थानीय लोग इसी मार्ग से खेतों से चारा लेकर पैदल आते हैं और उन्हें ट्रैक्टर ट्राली वालों से भय बना रहता है। महासभा ने क्रशर और माइनिंग करने वालों को चेतावनी दी और जिलाधीश को एक ज्ञापन भी सौंपा है। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। इसको लेकर संबंधित विभाग को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
सचित्र