सोलन की चंबा पर पहली पारी के आधार पर 15 रन की बढ़त
ऊना और संतोषगढ़ के क्रिकेट मैदानों पर खेले गए मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। अंडर-16 अंतर जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में हमीरपुर ने लाहौल स्पीति को एक परी एवं 205 रन से शिकस्त दी है। ऊना के इंदिरा स्टेडियम पर खेले गए मैच में शानदार जीत के साथ हमीरपुर की टीम अगले दौर में प्रवेश कर गई है। दूसरे मैच में संतोषगढ़ क्रिकेट मैदान पर सोलन की चंबा पर 15 रन की लीड है। प्रतियोगिता के तहत ऊना क्रिकेट स्टेडियम पर हुए मैच में हमीरपुर की टीम में पहली पारी में सभी विकेट गंवा 358 रन बनाए। इसमें आर्यन जग्गी व नतांश शर्मा ने 72-72 रन व आदी अटवाल ने 56 रन की पारियां खेलीं। लाहौल स्पीति के गेंदबाज मानस ने सर्वाधिक पांच, आयुष व सुरेंद्र ने दो-दो विकेट हासिल किए। लाहौल स्पीति ने अपनी पहली पारी की शुरुआत की। लेकिन टीम 107 रन पर ही सिमट गई। बल्लेबाज सुरेंद्र सिंह सर्वाधिक सुरिंद्र सिंह 36 रन का योगदान टीम को दे पाए। हमीरपुर के अक्षत शर्मा ने तीन व साहिल कुमार ने दो विकेट झटके। इसके बाद लाहौल स्पीति की टीम को फॉलोआन में फिर से खेलने का मौका मिला। दूसरी पारी में भी टीम कुछ खास न कर पाई और केवल 46 रन पर ढेर हो गई। बल्लेबाज आशुतोष ने 17 रन टीम के लिए बनाए। हमीरपुर के गेंदबाज किशन कुमार ने सर्वाधिक पांच व अक्षत ने चार विकेट हासिल। दूसरे मैच में पीसीपीए क्रिकेट स्टेडियम संतोषगढ़ में चंबा और सोलन के बीच चंबा टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 विकेट के नुकसान पर 253 रन बनाए। बल्लेबाज रघुवर ने सर्वाधिक 128 रन बनाए। सोलन के गेंदबाज आर्यन यादव ने चार, शौर्य ठाकुर ने तीन, आदर्श वशिष्ठ ने एक विकेट हासिल किया। सोलन की टीम ने अपनी पहली पारी में 268 रन ही बना पाई। बल्लेबाज हरमन सिंह 63, आदित्य डोगरा 68 रन, शौर्य कपूर 67, आदर्श वशिष्ठ ने 29 रन का योगदान टीम को दिया। चंबा के गेंदबाज रघुवर व कर्ण नाथ ने तीन-तीन तो अभय ने दो विकेट झटके। चंबा की टीम ने दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट गंवाकर 31 रन बना लिए हैं। सोलन ने आर्यन यादव ने दो, अशराज एवं आदर्श ने एक-एक विकेट लेने की सफलता पाई है।