अवैध तरीके से ले जा रहे थे बजरी, बिना कागजात और ड्राइविंग लाइसेंस चला रहे थे टिपर
संवाद न्यूज एजेंसी
दुलैहड (ऊना)। पुलिस थाना हरोली की टीम ने जननी टोल टैक्स बैरियर के पास पंजाब नंबर के दो टिपर अवैध रूप से बजरी ले जाते हुए पकड़े। पुलिस ने संबंधित मामलों को बीएनएस, खनन एवं खनिज अधिनियम तथा एमवी अधिनियम के तहत दर्ज किया है और जांच जारी है। हेड कांस्टेबल दविंद्र सिंह के नेतृत्व में वीरवार रात को गश्त के दौरान पकड़े गए टिपरों में पीबी10जेएन-0515 प्रीतम सिंह, पुत्र फौजा सिंह, निवासी छौडियां, लुधियाना, पीबी10 एचक्यू-0419 गुरसेवक सिंह, पुत्र गुरदयाल सिंह, निवासी मुकंदपुर, शहीद भगत सिंह नगर, जिसमें खनन सामग्री (ग्रिट बजरी) लोड थी।
पुलिस के अनुसार टिपरों को जननी हिमाचल सीमा की ओर से पंजाब की तरफ जाते हुए रोका गया। प्रारंभिक जांच में दोनों टिपर ओवरलोडेड पाए गए और इनके पास आवश्यक कागजात तथा ड्राइविंग लाइसेंस नहीं थे। डीएम ऊना की ओर से जारी आदेशों की अवहेलना भी पाई गई। दोनों वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई गई। एसपी ऊना अमित यादव ने इस कार्रवाई की पुष्टि की।