ऊना। जिले में गत बुधवार को दो नए कोरोना पॉजिटिव मामले आने के बाद दो नए कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि नगर पंचायत गगरेट के वार्ड नंबर चार को कंटेनमेंट जोन बनाया है। गगरेट के वार्ड चार में पूनम के घर से संजीव कुमार के घर के टी प्वाइंट के बीच में पड़ने वाले क्षेत्र जो आगे विपन के घर तक समाप्त होता है, को कंटेनमेंट जोन बनाया है। वार्ड नंबर चार के शेष भाग को बफर जोन बनाया है। हरोली उपमंडल की सैंसोवाल पंचायत के वार्ड नंबर एक में रामदास के घर से तरसेम कौर और तिलक राज के घर तक के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया है। वार्ड नंबर एक का शेष भाग और वार्ड नंबर दो को बफर जोन बनाया है। कंटेनमेंट जोन में अब कर्फ्यू में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आदेश नौ जुलाई से तुरंत प्रभाव से आगामी आदेशों तक लागू रहेंगे। उपायुक्त ने बताया कि नए क्षेत्रों को मिलाकर जिले में अब 17 कंटेनमेंट जोन हो गए हैं।