अंब (ऊना)। अंब उपमंडल के तहत चक्क क्षेत्र में मंगलवार दोपहर को एक पिकअप ट्राले और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति पंजोआ निवासी पंकज कुमार और ज्वार निवासी सुखविंदर घायल हुए हैं। घटना के समय दोनों अपनी स्कूटी पर जा रहे थे। तभी एक ट्राले ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्राला लेकर मौके से वाहन सहित भाग गया था लेकिन कुछ दूरी पर जाकर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इसके बाद चालक वाहन को वहीं छोड़कर चला गया। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ऊना अमित यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।