सलूरी में मारपीट और धमकी देने के आरोप, पुलिस ने दर्ज किए दोनों पक्षों के बयान
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब के सलूरी गांव में खेतों से मिट्टी उठाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सलूरी निवासी स्वर्ण सिंह पुत्र स्वर्गीय माडू राम ने शिकायत में बताया कि 23 अक्तूबर को वह ट्रैक्टर लेकर अपने खेत से मिट्टी उठाने गया था। इस दौरान गांव के मनोहर लाल पुत्र स्वर्गीय करतार चंद ने उसके साथ मारपीट की और किसी वस्तु से उसकी बाजू पर कट मार दिया। शिकायतकर्ता ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने इस शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1), 126(2), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के मनोहर लाल ने आरोप लगाया कि स्वर्ण सिंह जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई कर रहा था। उसे रोकने पर स्वर्ण सिंह ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने इस शिकायत पर बीएनएस की धारा 126(2), 115(2), 352 और 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई कर रही है।