विद्युत बोर्ड जल्द शुरू करेगा कार्य
वर्तमान में परिसर के बाहर ही स्थापित किए गए हैं फीडर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। मलाहत में करोड़ों की लागत से बन रहे पीजीआई सेटेलाइट सेंटर को लोगों की सुविधा के लिए शुरू करने के लिए कार्य प्रगति पर है। अब केंद्र के अंदर दो विद्युत फीडरों को भी स्थापित किया जाना है। इसे लेकर विद्युत बोर्ड ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। आगामी दिनों में परिसर में इस कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। इससे केंद्र में बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से संचालित होती रहेगी।
पीजीआई सैटेलाइट सेंटर का कार्य मलाहत में चल रहा है। पहले चरण में ओपीडी ब्लॉक व गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। आगामी कुछ दिनों में इन भवनों में पेंट से संबंधित कार्य भी पूरा कर दिया जाएगा। इसे लेकर निर्माण कर रही कंपनी ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। दूसरी तरफ पीजीआई सैटेलाइट सेंटर के लिए बिजली, पानी और सड़क की सुविधा मुहैया करवाना राज्य सरकार की जिम्मेवारी है। इसके तहत विद्युत बोर्ड की ओर से जो दो विद्युत फीडर केंद्र के बाहर लगाए गए हैं, अब इन्हें परिसर के अंदर स्थापित किया जाएगा। इसके बाद वहां पर बने सब स्टेशन का संचालन होना भी शुरू हो जाएगा। पीजीआई सैटेलाइट सेंटर सरकार की एक बड़ी योजना है। इस केंद्र के खुलने से ऊना जिला ही नहीं बल्कि साथ लगते जिलों व अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। वर्तमान में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर की आउट रीच ओपीडी क्षेत्रीय अस्पताल के भवन में चल रही है। निर्माण कार्य पूरा होते ही इस ओपीडी का संचालन भी पीजीआई सैटेलाइट सेंटर में होना शुरू हो जाएगा।
ओपीडी ब्लॉक में लगे खिड़की दरवाजे
पीजीआई सैटेलाइट के निर्माण के दौरान पहले चरण में ओपीडी ब्लॉक का ही संचालन होना है। ओपीडी ब्लॉक का निर्माण पूरा हो गया है। ब्लॉक में टाइलें बिछाने के बाद दरवाजे और खिड़कियां भी लगा दी गई हैं। अब आगामी दिनाें में पेंट का कार्य शुरू हो जाएगा।
कोट्स
पीजीआई सैटेलाइट सेंटर ऊना का निर्माण तेज गति से चल रहा है। विद्युत फीडर भी जल्द ही परिसर के अंदर स्थापित कर दिए जाएंगे। इसके अलावा ओपीडी ब्लॉक का निर्माण कार्य तकरीबन पूरा हो गया है।
डॉ. राजीव चौहान, नोडल अधिकारी पीजीआई सैटेलाइट सेंटर ऊना