नंगल। नंगल-श्री आंनदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क में दो युवकों की मौत हो गई। दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में ऊना के दुलैहड़ निवासी एक युवक की भी मौत हुई है। दूसरा मृतक माणकपुर पंजाब का निवासी है। पुलिस ने घटना पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात चारों युवक अपनी कार में सवार हो कर श्री आनंदपुर साहिब से अपने गांव रायपुर की ओर आ रहे थे। इस दौरान ब्रह्मपुर के निकट एक अज्ञात गाड़ी ने इनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार एक एक पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत कर कार सवारों को बाहर निकाला। हादसे में घायल हुए दो युवकों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नंगल ले जाया गया, लेकिन दोनों की गंभीर हालात को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया। दुर्घटना के दो मृतकों की पहचान शोकत अली निवासी माणकपुर पंजाब और सलीम निवासी दुलैहड़ जिला ऊना के तौर पर हुई। घायलों में आयुब खान निवासी भलाण और जोनी निवासी माणकपुर पंजाब अभी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। एएसआई कुलविंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।