नंगल (ऊना)। नंगल-श्री आंनदपुर साहिब मुख्य मार्ग जवाहर मार्केट के निकट बीती रात दो कारें और बोलेरो में जोरदार टक्कर हुई। इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। जबकि, तीनों गाड़ियों का काफी नुकसान हो गया। मिली जानकारी के अनुसार एक कार चालक करनाल से बाबा बड़भाग सिंह के दर्शन करने जा रहे थे कि जवाहर मार्केट के निकट रोड वन वे हो गया। इसका अंदाजा उनकी गाड़ी चालक को नहीं लगा और कार गलत साइड से आ गई जो हादसे का कारण बनी। जब तक उनकी गाड़ी का चालक संभल पाता तब तक तीनों गाड़ियां आपस में टकरा चुकी थीं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में तीनों गाड़ियों में सवार 9 लोगों में से मात्र एक को ही चोटें लगीं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। रात जब यह हादसा हुआ उस समय काफी तनावपूर्ण हालात भी बन गए लेकिन मौके पर पंहुची पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करवाया। इस बारे में एएसआई केशव कुमार से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि कार चालक अपने परिवार सहित था और उसने परिवार को करनाल छोड़ वापस जांच में शामिल होने की इजाजत मांगी थी जिस कारण फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं हुई है।