संत बाबा बाल से विधायक विवेक शर्मा ने परिवार सहित लिया आशीर्वाद
बोले, गुरु बिना नहीं मिलता कोई ज्ञान
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर कोटला कला स्थित संत बाबा बाल के आश्रम में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने बाबा बाल से आशीर्वाद लिया और प्रवचन सुनकर निहाल हुए। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने अपनी पत्नी मृदु शर्मा सहित कोटला कलां स्थित संत बाबा बाल के दरबार में हाजिरी लगाई और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। बाबा बाल को भी उन्होंने परिवार सहित सम्मानित किया। दरबार में उपस्थित श्रद्धालुओं से मिलकर विधायक विवेक शर्मा ने क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरण को बढ़ावा देने के लिए मिलजुल कर कार्य करने की अपील की। विवेक शर्मा ने कहा कि गुरु नाम शब्द का महत्व जीवन में अमूल्य होता है। सच्चे गुरु के मार्गदर्शन से ही व्यक्ति सही दिशा में बढ़ सकता है और सफलता की मंजिल प्राप्त कर सकता है। कार्यक्रम के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने संतों और श्रद्धालुओं से मिलकर क्षेत्र के आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को लेकर अपने विचार साझा किए। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद धाम, गांव नारी में जाकर डेरा प्रमुख हेमानंद के चरणों में नतमस्तक होकर पूजा-अर्चना की। गुरु पूर्णिमा का दिन आत्मिक और मानसिक उन्नति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। गुरु ही ऐसे दीपक हैं जो अज्ञानता के अंधकार को मिटाकर ज्ञान का प्रकाश देते हैं। गुरु बिना मनुष्य को कोई भी ज्ञान नहीं हो सकता।