संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना सदर के तहत सुनेहरा गांव में दो पेटी देसी शराब सहित एक व्यक्ति को काबू किया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपी अश्वनी कुमार (45) निवासी वार्ड-3 रामपुर बेला तहसील व जिला ऊना के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार थाना सदर पुलिस की टीम बीते मंगलवार की शाम को गश्त पर थी। इसी दौरान सुनेहरा में एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में आया, जिसने मुंह टोपी से ढंक रखा था। उस व्यक्ति ने पीठ पर एक पिट्ठू बैग व हाथ में एक थैला पकड़ा हुआ था। पुलिस को देखकर वह रुक गया। पुलिस पार्टी को शक होने पर उस व्यक्ति को रोका गया। व्यक्ति ने अपना नाम अश्वनी कुमार निवासी वार्ड-3 रामपुर बेला तहसील व जिला ऊना बताया। इस दौरान उसके पिट्ठू बैग व थैले की तलाशी ली गई। बैग में 18 बोतल देसी शराब की मिली। जबकि, थैले में छह बोतल देसी शराब की मिली। थैले और बैग में कुल 24 बोतल देसी शराब की मिलीं। इसे लेकर आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शराब की खेप कहां से आई और कहां सप्लाई होनी थी, इसकी पड़ताल में पुलिस जुटी हुई है।