ऊना। ऊना जिले में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सोमवार को एमसी पार्क के बाहर खड़ी एक बाइक को दो युवक चुराकर ले गए। आरोपी शहर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। इसी दिन चोरी की दूसरी वारदात भी एमसी पार्क को जाने वाले रास्ते पर हुई। यहां एक दुकान मालिक के बेटे की नई बाइक चोरी हो गई। शाम को जब वह अपनी बाइक लेने पहुंचा तो वाहन मौके पर नहीं मिला। जिले के अन्य हिस्सों में भी ऐसी वारदातें सामने आ रही हैं। हरोली उपमंडल के भदसाली में सैनी स्वीट शॉप के पास से भी हाल ही में एक बाइक चोरी हुई थी।हैरानी की बात है कि बढ़ती घटनाओं के बावजूद अब तक किसी भी मामले का सुराग पुलिस नहीं लगा पाई है। इस कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस चोरी के मामलों की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी पड़ोसी राज्य पंजाब के निवासी हो सकते हैं तथा जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।