जोल/ऊना। उपतहसील जोल के तहत ग्राम पंचायत खरयालता वार्ड नंबर 5 में अशोक कुमार पुत्र ब्रह्मानंद का स्लेटनुमा रिहायशी मकान सोमवार रात अचानक ढह गया। हादसे के समय परिवार बाहर था, जिससे जान का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घर का सारा सामान नष्ट हो गया। लगभग चार लाख रुपये का नुकसान आंका गया है और परिवार बेघर हो गया है। पंचायत प्रधान अशोक कुमार मोनू ने बताया कि परिवार को अस्थायी रूप से पड़ोसियों की गोशाला में ठहराया गया है। हलका पटवारी बिंदर कुमार ने कहा कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार ने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को नियम अनुसार मुआवजा मिलेगा।