मरीजों को मिलेगी बेहतरीन स्वास्थ्य सेवा
रोग के उपचार के लिए निशुल्क मिलेंगी दवाइयां
सर्दियों के मौसम में बढ़ती है जोड़ों के दर्द की समस्या
आशुतोष डोगरा
ऊना। जिले में जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों को अब पहले से बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। आयुष विभाग ने परवेंशन ऑस्टियो ऑर्थराइटिस राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत दो आयुर्वेदिक अस्पतालों और चार आयुष वेलनेस केंद्रों में विशेष ओपीडी शुरू की है। इन केंद्रों पर मरीजों को जोड़ों के दर्द के लिए विशेष आयुर्वेदिक दवाइयां निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार देने के लिए चिकित्सकों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। उपचार अवधि के दौरान मरीजों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जाएगी और चिकित्सक हर महीने उपचार संबंधी विस्तृत रिपोर्ट भी साझा करेंगे। इन रिपोर्टों में दवाइयों के प्रभाव और मरीजों की प्रगति का मूल्यांकन शामिल होगा, जिसकी समीक्षा उच्चाधिकारी करेंगे।
कार्यक्रम के तहत आयुर्वेदिक अस्पताल ऊना और ईसपुर को चयनित किया गया है। इसके अलावा चार आयुष वेलनेस केंद्र जलग्रां, चुरुड़ू, लोहारली और गोंदपुर जयचंद को भी इस अभियान में शामिल किया गया है।
आमतौर पर जोड़ों के दर्द में घुटने, कंधे, गर्दन, कोहनी और कूल्हे का दर्द शामिल होता है। यह दर्द कभी-कभी अपने आप ठीक हो जाता है, लेकिन लंबे समय तक बना रहने पर इलाज आवश्यक हो जाता है। सर्दियों में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण इस पहल की शुरुआत की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
कोट
जिले के दो अस्पतालों और चार वेलनेस केंद्रों को जोड़ों के दर्द से संबंधित विशेष ओपीडी के लिए चयनित किया गया है। इस दौरान मरीजों को उपचार और दवाइयां निशुल्क उपलब्ध होंगी। -डॉ. किरण शर्मा, जिला आयुष अधिकारी, ऊना