दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र में कोहरे के चलते सोमवार को चलेट गांव में खड्ड पर बने पुल से एक ट्रक पलटकर खड्ड में जा गिरा । घटना सुबह करीब 3 बजे की है, जब एक हरियाणा नंबर ट्रक चंड़ीगढ-तलवाड़ा रोड पर जा रहा था। इस दौरान चलेट समीप पुल पर कोहरा होने और अधिक रफ्तार के कारण चालक ट्रक पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। इस कारण ट्रक रेलिंग को तोड़ते हुए खड्ड में जा गिरा। गनीमत यह रही कि खड्ड में रेत होने की वजह से चालक दल के दोनों सदस्य को मामूली चोटें आईं, जबकि ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं चौकी प्रभारी एएसआई कुलभूषण ने बताया कि ट्रक गिरने की उनके पास कोई सूचना नहीं आई है। सूचना मिलने पर इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।