ऊना। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने ट्रिपल आईटी ऊना संस्थान को 8.8 लाख का परियोजना अनुदान प्रदान किया। इलेक्ट्रॉनिक्स स्कूल के संकाय सदस्य डॉ. अंबिगावथी और डॉ. नवीन इस परियोजना के अनुसंधानकर्ता हैं।
यह अनुदान एक बुद्धिमान और सहयोगात्मक हाइब्रिड प्रोटोटाइप मॉडल विमत्स्य (विमान, मत्स्य) के विकास के लिए दिया गया है। यह अभिनव कोबोट उड़ान और तैराकी, दोनों मोड में संचालित हो सकता है, ताकि बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के वास्तविक दृश्य कैप्चर किए जा सकें। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग करके विमत्स्य इन दृश्यों का विश्लेषण करेगा और स्थानीय और राष्ट्रीय बचाव टीमों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेगा। यह परियोजना ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सेवाओं को बढ़ाएगी। बचाव और प्रतिक्रिया टीमों की मदद करेगी।
ट्रिपल आईटी ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौड़ ने कहा कि अनुदान प्राप्त करने के लिए संबंधित टीम को बधाई देता हूं। इस परियोजना से नवीन तकनीक के माध्यम से आपदा प्रबंधन में मदद मिलेगी। विमत्स्य मॉडल यह दिखाता है कि हम एआई और हाइब्रिड मॉडलों का उपयोग करके आपदाओं के प्रति और अधिक प्रभावी ढंग से कैसे निपट सकते हैं।