संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर (ऊना)। पुलवामा हमले में बलिदान देने वाले वीर जवानों की स्मृति में अभयपुर में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व विधायक और भाजपा नेता ने उपस्थित होकर बलिदानियों को नमन किया और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में स्थानीय लोग, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और युवा शामिल हुए। इस दौरान पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। हम सबको उनके आदर्शों पर चलकर देश की सेवा करनी चाहिए। श्रद्धांजलि सभा में शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण किया गया और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम में युवाओं को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देने के उद्देश्य से भाषण भी दिए गए। पूर्व विधायक ने कहा कि पुलवामा के वीरों की कुर्बानी से पूरा देश प्रेरणा लेता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर भारत माता की जय और अमर शहीदों को नमन के नारों के साथ वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।