ऊना। पुलिस थाना मैहतपुर के तहत देहलां गांव में सड़क के किनारे पार्क की पिकअप गाड़ी चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार गाड़ी के मालिक जश्नदीप सिंह निवासी वार्ड-9 अपर देहलां, जिला ऊना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने वीरवार सुबह 10:30 बजे अपनी पिकअप गाड़ी ऊना-नंगल सड़क मार्ग के किनारे एक दुकान के बाहर पार्क की थी। शाम छह बजे तक गाड़ी वहीं थी। उसके बाद वह किसी शादी में चला गया। शुक्रवार सुबह साढ़े छह बजे उसने देखा कि गाड़ी वहां पर नहीं थी। किसी ने उसकी गाड़ी चोरी कर ली। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।