बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र में बुधवार देर रात को भारी बारिश होने से जहां पर प्रचंड गर्मी से राहत मिली, वहीं नलवाड़ी-तलमेहड़ा सड़क मार्ग पर कोकरा के समीप पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। इससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी झेलनी पड़ी। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ को हटाया गया। इसके बाद यातायात सुचारू रूप से चल पाया।
बुधवार देर रात को तूफान और बारिश होने पर जहां पर मौसम में थोड़ा बदलाव आया। वहीं, तूफान चलने पर कई स्थानों पर टीन शैड तथा डिश एंटिना उखड़ गए। इसके अलावा नलवाड़ी-तलमेहडा सड़क के मध्य कोकरा गांव के नजदीक आम के पेड़ की बड़ी-बड़ी शाखाएं गिरने से लगभग आठ घंटे यातायात प्रभावित रहा। हालांकि इस बड़े पेड़ को सड़क से हटाने में गांववालों में अशोक ठाकुर, तरसेम लाल, अजय ठाकुर, रवि ठाकुर, विनय भारद्वाज सहित अन्य युवाओं ने मिलकर सहयोग कर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने में मदद की। लोक निर्माण विभाग बंगाणा के सहायक अभियंता संजीव गौतम ने कहा कि विभाग की ओर से कर्मचारियों को मौके पर भेजकर पेड़ को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू रूप से खोल दिया है।