ऊना। जिले में सोमवार की सुबह का आगाज तेज हवाओं और बारिश से हुआ। बारिश का दौर सुबह नौ बजे से शुरु हुआ और 11 बजे तक जारी रहा। इससे तापमान में काफी ठंडक आई और लोगों को गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो गए। मौसम में आए बदलाव के कारण न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री तक पहुंच गया है। मंगलवार तक तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।
वहीं, तेज हवाओं से कुछ जगह नुकसान होने की भी सूचना है। तेज हवा चलने के कारण एक पेड़ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्कूल भदसाली की चहारदीवारी पर गिर गया, जिससे 10 मीटर लंबी दीवार गिर गई। गनीमत रही कि सभी बच्चे बारिश लगने के कारण अपनी कक्षाओं के कमरे में ही थे, नहीं तो हादसा हो सकता था।
स्कूल प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर ने कहा कि पेड़ गिरने से चहारदीवारी गिरी है। वहीं, स्कूल प्रबंधन कमेटी की अध्यक्ष शोभा रानी ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द विद्यालय का दौरा करके खतरा बन चुकी चहारदीवारी का पुनर्निर्माण करवाया जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता वरुण कुमार ने बताया कि स्कूल की चहारदीवारी का आकलन 13 लाख रुपये का बनाकर भेजा हुआ है। राशि स्वीकृत होने पर तुरंत नए सिरे से निर्माण किया जाएगा।