सरकाघाट में पोषण भी, पढ़ाई भी पर प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद महिलाएं। स्रोत विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। पोषण भी, पढ़ाई भी अभियान के अंतर्गत बाल विकास परियोजना कार्यालय गोपालपुर (सरकाघाट) की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बेहतर पोषण के साथ प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ना है, ताकि उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास संतुलित रूप से सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता तथा खेल-आधारित शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय बदरेल ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के विकास का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है, इसलिए इस अवधि में सही पोषण और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। बाल विकास परियोजना अधिकारी वंदना शर्मा ने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया।