अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राजेश कुमार मारिया ने कहा कि जिला में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जल्द ही एक नीति बनाई जाएगी, जिसे अनुमोदन के लिए उपायुक्त ऊना को प्रस्तुत किया जाएगा।
मारिया जिला में यातायात व्यवस्था को लेकर जिला के सभी एसडीएम व डीएसपी के साथ इस बारे कार्य नीति बनाने को लेकर गठित समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जिला के सभी शहरी व नगर निकाय क्षेत्रों में यातायात को दुरुस्त बनाए रखने तथा जाम इत्यादि से निजात पाने के लिए संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम व डीएसपी द्वारा विभिन्न स्थानों का चयन करने के साथ-साथ पार्किंग के लिए भी स्थानों को चिन्हित किया जाएगा। इस बारे वह विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त ऊना को आगामी 15 दिन में प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने बताया कि उपायुक्त द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी होने के उपरांत पार्किंग के लिए चिन्हित स्थानों पर येलो लाइन के अंदर की गाडी खड़ी करने की अनुमति होगी तथा नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने पर वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त संबंधित क्षेत्र के एसडीएम व डीएसपी ट्रकों के सामान उतारने व चढ़ाने की जगह व समय भी तय करने बारे एक विस्तृत रिपोर्ट बनाकर 15 दिन के भीतर उपायुक्त को प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बारे भी उपायुक्त द्वारा अधिसूचना जारी होने के उपरांत निर्धारित व चिन्हित स्थानों पर ही ट्रकों द्वारा माल उतारा व चढ़ाया जा सकेगा। साथ ही बैठक में नगर परिषद के क्षेत्र में रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के लिए भी स्थान चिन्हित करने के लिए संबंधित शहरी निकायों को निर्देश जारी किए गए हैं। जिसके तहत तय व चिन्हित स्थानों पर ही रेहड़ी लगाकर सामान बेच सकेंगे।